बिलासपुर में शराब भट्ठी लूट का खुलासा, कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश; 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कर्ज से छुटकारा पाने और रुपए हासिल करने के लिए शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाने की बात स्वीकार की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24), पिंटू निषाद (25) और सुशील निर्मलकर (24) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू और अन्य औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे गतौरा स्थित शराब दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मियों साहिल राय और हरकुंवर पंकज के पास करीब चार नकाबपोश पहुंचे थे। सभी आरोपी काले कपड़े पहने हुए थे। आरोपियों ने दोनों सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर शराब दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए।
आरोपियों ने शराब दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राइंडर कटर मशीन तथा छेनी की मदद से लॉकर तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं टूट सका। नकदी नहीं मिलने पर आरोपियों ने दुकान के काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन, CCTV कैमरा और DVR अपने साथ ले लिया और दोपहिया वाहनों से फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे और कर्ज चुकाने के लिए बड़ी रकम हासिल करना चाहते थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत अन्य सामान की व्यवस्था की थी।
आरोपियों ने पहले मोपका स्थित शराब भट्ठी में वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। वे देवरीखुर्द से सुशील निर्मलकर की स्कूटी और पिंटू निषाद की मोटरसाइकिल से निकले थे। बूटा पारा-फरहदा के रास्ते मोपका पहुंचने पर आसपास अधिक चहल-पहल होने के कारण आरोपियों ने वहां वारदात नहीं की और चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा शराब दुकान पहुंच गए।
गतौरा पहुंचने के बाद आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर धमकाया और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद दुकान का ताला तोड़कर लॉकर काटने का प्रयास किया गया। लॉकर नहीं टूटने पर आरोपी शराब की बोतलें, मोबाइल फोन, CCTV कैमरा और DVR लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहचान छिपाने और पुलिस को साक्ष्य नहीं मिलने देने के उद्देश्य से CCTV कैमरे का DVR नदी में फेंक दिया था। घटना के बाद मस्तूरी पुलिस और ACCU की टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और मस्तूरी SDOP सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में काम करता था और शासकीय मदिरा दुकानों से नकद राशि कलेक्शन का कार्य करता था। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में विवेचना जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।




