Chhattisgarh

बालकोनगर में जन्माष्टमी की धूम, जगह-जगह हुए मटकी फोड़ आयोजन

कोरबा/बालकोनगर, 4 सितंबर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के अवसर पर बालकोनगर के विभिन्न वार्डों, सेक्टरों और कॉलोनियों में उत्साह का माहौल रहा। दिनभर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के बाद शाम को विभिन्न स्थानों पर युवाओं द्वारा मटकी फोड़ (दही-हांडी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

सेक्टर-1, सेक्टर-2, सेक्टर-3, सेक्टर-4, सेक्टर-5, परसाभाठा, रामपुर, भदरापारा और नेहरू नगर सहित कई क्षेत्रों में आयोजन समितियों ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता कराई। युवाओं की टोलियों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर टंगी दही से भरी मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही पूरा क्षेत्र ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।

कई स्थानों पर बच्चों के लिए छोटी मटकी फोड़ और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। राधा-कृष्ण के वेश में सजे बच्चों ने लोगों का आकर्षण बढ़ाया। आयोजन स्थलों पर प्रसाद के रूप में पंजीरी, माखन-मिश्री और फल का वितरण किया गया।

देर रात तक विभिन्न मंदिरों और पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गईं तथा भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। पूरे बालकोनगर में दिनभर भक्तिमय और उत्सव का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button