बारिश में जांजगीर की बिजली व्यवस्था बेपटरी, शिकायत लेकर पहुंचे लोगों और कर्मचारियों में नोकझोंक

0 विभाग चिंतित —दिन-रात सुधार कार्य जारी, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बढ़ रहा तनाव
जांजगीर। लगातार हो रही बारिश के बीच जांजगीर शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू समेत अन्य जीव-जंतुओं के घरों में घुसने का डर भी लोगों को सताने लगा है। इससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी नाराजगी की झलक सोमवार को विद्युत विभाग के जांजगीर कार्यालय में देखने को मिली। बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग लेकर पहुंचे उपभोक्ताओं और विभागीय कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ देर के लिए दोनों पक्षों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
उधर, बिजली कटौती को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा फूट रहा है। कई लोग लगातार पोस्ट कर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। इससे लोगों का आक्रोश और अधिक बढ़ता नजर आ रहा है।
वहीं विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर बिजली लाइन और उपकरण प्रभावित हुए हैं। ऐसे में अमला दिन-रात फील्ड में रहकर आपूर्ति बहाल करने में जुटा है
कर्मचारियों का कहना है कि कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए माहौल भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके चलते कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों से दुर्व्यवहार की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में लोगों का सहयोग मिलेगा तो व्यवस्था जल्द सामान्य की जा सकेगी।




