बलौदाबाजार में मंत्री टंक राम वर्मा ने थामी झाड़ू, षष्ठी मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान

बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बलौदाबाजार में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में ऐतिहासिक षष्ठी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर सफाई की। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी श्रमदान करते हुए सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बिखरे कचरे को एकत्रित कर डस्टबिन में डाला। मंत्री की इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह ऐसी आदत है जो धीरे-धीरे संस्कार और व्यवहार का हिस्सा बनती है। उन्होंने अभियान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति बढ़ रही जागरूकता को सकारात्मक बदलाव बताया।
स्वच्छता अभियान में कलेक्टर, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, नगर पालिका उपाध्यक्ष, विभिन्न वार्डों के पार्षदों सहित गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर श्रमदान किया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और कचरे का उचित निपटान करने का संदेश भी दिया गया।



