बलौदाबाजार पुलिस की झारखंड में दबिश, ₹59 हजार की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा। बैंक अधिकारी बनकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने झारखंड के देवघर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बनकर खाते की लिमिट बढ़ाने और राशि दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ₹59,037 की ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, SP गौरव राय के निर्देशन में साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर सेल और थाना गिधौरी-टुण्डरा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
मामले में ग्राम कोट निवासी राजेश कुमार केवट (33) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जनवरी 2026 की रात करीब 9.30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल फोनपे कार्यालय का कर्मचारी बताते हुए उनके बैंक खाते की लिमिट ₹35,000 होने की बात कही। इसके बाद उसने खाते की राशि को दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर शिकायतकर्ता ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गया और उसके खाते से कुल ₹59,037 की राशि निकाल ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना गिधौरी-टुण्डरा में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार यादव (23), पिता अरुण यादव महतो, निवासी बांधा अगर, थाना कुंडा, जिला देवघर, झारखंड के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने झारखंड पहुंचकर आरोपी को उसके निवास से हिरासत में लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया काले रंग का रियलमी मोबाइल फोन जब्त किया गया। स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद पुलिस टीम आरोपी को छत्तीसगढ़ लेकर आई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 27 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान फोन कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन या आधार नंबर साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




