Chhattisgarh

बम्हनीनडीह नगर पंचायत में भाजपा का परचम, रमेश डडसेना बने अध्यक्ष

जांजगीर-चांपा (बम्हनीनडीह)। नवगठित बम्हनीनडीह नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए नगर सरकार पर अपना कब्जा जमा लिया है। भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना ने कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल सहारे (छोटे बाबू) को 889 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की।

मतगणना परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जीत की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और नगर में विजय जुलूस निकालकर जनसमर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।रमेश डडसेना भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें पार्टी संगठन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं का व्यापक समर्थन मिला, जिसका परिणाम मतगणना में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

नगर पंचायत के पार्षद चुनाव में भी भाजपा का दबदबा कायम रहा। 15 वार्डों वाली इस नवगठित नगर पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने 11 वार्डों में जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस को 3 वार्डों में सफलता मिली, जबकि 1 वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।अध्यक्ष पद के साथ-साथ परिषद में भी स्पष्ट बहुमत मिलने से बम्हनीनडीह नगर पंचायत में भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम क्षेत्र में भाजपा के बढ़ते जनाधार, संगठनात्मक मजबूती और सरकार की योजनाओं पर जनता के भरोसे को दर्शाता है।

भाजपा नेताओं ने इस जीत को जनता के विश्वास की जीत बताते हुए नगर के समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता जताई है। वहीं कांग्रेस के लिए यह परिणाम आत्ममंथन का विषय माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button