रायगढ़ में सर्व यादव समाज के जिला अध्यक्ष चुनाव की तैयारी तेज, 7 जून को धरमजयगढ़ में होगा निर्वाचन

रायगढ़। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा संगठनात्मक मजबूती और नई कार्यकारिणी के गठन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में जिला अध्यक्ष के निर्वाचन एवं नई कार्यकारिणी के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम 7 जून 2026 को धरमजयगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश संगठन ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक की नियुक्ति की है। रायगढ़ जिले के लिए विष्णु यादव को पर्यवेक्षक तथा धर्मेंद्र यादव को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह जिम्मेदारी किसी पद के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व के रूप में दी गई है।
सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष का निर्वाचन कराने के साथ नई कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों का मानना है कि यह आयोजन संगठन को नई दिशा देने के साथ समाज की एकता और विकास को और मजबूत करेगा।
समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने रायगढ़ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के समाजजनों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता और सामूहिक विकास के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
पदाधिकारियों के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, लोकतांत्रिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि समाज की एकजुटता और भाईचारे का संदेश मजबूत हो सके।





