Chhattisgarh

फॉरेंसिक मोबाइल वैन से अपराध की जांच और अधिक सशक्त एवं वैज्ञानिक तरीके से होगी : उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन

0 सीन ऑफ़ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

कोरबा, 23 मई 2026।अपराधों की जांच को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सीन ऑफ़ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वैन की सुविधा शनिवार को कोरबा जिले को मिली। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा की यह वैन भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। केंद्र सरकार द्वारा जुलाई 2024 से भारतीय दंड संहिता (IPC) के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 लागू की गई है। नई व्यवस्था के अंतर्गत धारा 176(3) में यह प्रावधान किया गया है कि जिन अपराधों में 7 वर्ष या उससे अधिक की सजा का प्रावधान है, उन मामलों में फॉरेंसिक विशेषज्ञ द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण एवं भौतिक साक्ष्यों का संग्रह अनिवार्य होगा।
इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले के लिए अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन उपलब्ध कराई गई है, जिसका लोकार्पण माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया था। आज इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर जिले में शुभारम्भ किया जा रहा है।
श्री देवांगन ने कहा की यह मोबाइल वैन एक चलित फॉरेंसिक प्रयोगशाला के रूप में कार्य करेगी, जिसमें ब्लड डिटेक्शन किट, नारकोटिक्स डिटेक्शन किट, बुलेट डिटेक्शन किट सहित विभिन्न आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही यह वैन जीपीएस एवं जनरेटर जैसी सुविधाओं से भी सुसज्जित है।
फॉरेंसिक मोबाइल वैन के माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच एवं आवश्यक साक्ष्यों का सुरक्षित संग्रह किया जा सकेगा। इससे अपराधों की जांच अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं साक्ष्य आधारित होगी तथा न्यायिक प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।
यह पहल अपराध नियंत्रण, दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा आम नागरिकों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। विष्णुदेव सरकार प्रदेश में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक संसाधनों के उपयोग से कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, राजेंद्र साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी गण भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button