Chhattisgarh

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना : जिन वार्डो के शत प्रतिशत घरों में लगें होंगे सोलर पैनल, उन वार्डो में होंगे 1 करोड़ रू.के अतिरिक्त विकास कार्य

0 उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने की है घोषणा, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने योजना का व्यापक प्रचार प्रसार व लोगों को लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित करने अधिकारियों को दिये है निर्देश

कोरबा 12 मई 2026 – नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के ऐसे वार्ड जिनके शत प्रतिशत घरों में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित कर लिये जायंेगे, उन वार्डो में 01 करोड़ रूपये के अतिरिक्त विकास कार्य जिला प्रशासन द्वारा कराये जायेंगे। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस जनहितैषी योजना का अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के मद्देनजर इसकी घोषणा की है, वहीं कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने योजना का अधिकतम प्रचार प्रसार करने, सोलर पैनल लगवाने हेतु लोगों को प्रेरित व प्रोत्साहित करने तथा इस दिशा में ठोस व त्वरित कार्यवाही किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं।

यहा उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महती योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का क्रियान्वयन फरवरी 2024 में आम जनता के हित में किया गया था, जनहित में लागू की गई यह योजना आवासीय परिसरो,घरों में रूफ टॉप सोलर पैनल सयंत्र स्थापित कर उपभोक्ताओं को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, इसके माध्यम से उपभोक्ता न केवल अपने घरेलू बिजली आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकेंगे बल्कि अतिरिक्त विद्युत को ग्रिड में प्रवाहित कर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर पाएंगे, यह पहल हर घर को ऊर्जा उत्पादक बनाने, बिजली हेतु आत्मनिर्भर करने तथा बिजली बिल के भार से मुक्त होने व इससे अतिरिक्त आय अर्जित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार इस योजना के सफल क्रियान्वयन तथा इसका अधिकाधिक लाभ आम नागरिकों को पहुचाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। कोरबा जिले के साथ-साथ नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में भी योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कर एवं घर-घर संपर्क कर सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित किये जाने का कार्य एक अभियान के रूप में किया जा रहा है। इस योजना का अधिकाधिक लाभ आमजन उठायें तथा सभी घरों में सोलर पैनल स्थापित हों, इस दिशा में प्रेरित व प्रोत्साहित किये जाने हेतु उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने यह घोषणा की है कि जिन वार्डो के सभी घरों में सोलर पैनल स्थापित होंगे, उन वार्डो में नियमित रूप से किये जा रहे विकास कार्यो के अतिरिक्त पृथक से 01 करोड़ रूपये के अतिरिक्त विकास कार्य कराये जायेंगे। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किये जाने व लोगों को प्रेरित व प्रोत्साहित करने, योजना के लाभों से लोगों को अवगत कराने व सोलर पैनल लगाये जाने की दिशा में ठोस व त्वरित कार्यवाही किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं।

शासन से मिल रही भारी सब्सिडी के साथ ही बैंक लोन की सुविधा

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जहाॅं एक ओर शासन से भारी सब्सिडी मिल रही है तो वहीं दूसरी ओर शेष राशि हेतु कम ब्याज दर पर बैंक से ऋण प्राप्त करने की सुविधा भी है। 01 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल संयंत्र स्थापित कराये जाने पर केन्द्र सरकार द्वारा 30 हजार रूपये, राज्य सरकार द्वारा 15 हजार रूपये कुल 45 हजार रूपये की सब्सिडी दी जा रही है। इसी प्रकार 02 किलोवाट के संयंत्र पर केन्द्र सरकार का अनुदान 60 हजार रूपये, राज्य सरकार का अनुदान 30 हजार रूपये, कुल अनुदान 90 हजार रूपये प्राप्त हो रहा है, वहीं 03 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर केन्द्र सरकार 78 हजार रूपये, राज्य सरकार से 30 हजार रूपये, कुल 01 लाख 08 हजार रूपये की सब्सिडी उपभोक्ता को प्राप्त हो रही है।

Related Articles

Back to top button