छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में डॉ. रोहित यादव को दी गई विदाई, उपलब्धियों के लिए जताया आभार

0 वित्त विभाग के सचिव बनाए जाने पर पावर कंपनी मुख्यालय में हुआ सम्मान समारोह
रायपुर, 12 मई। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के मुख्यालय सेवाभवन में आयोजित समारोह में अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग का सचिव बनाए जाने पर शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर उन्हें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अध्यक्ष पद से भावभीनी विदाई भी दी गई। कार्यक्रम में पावर कंपनी की ओर से प्रबंध निदेशकों ने डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
डंगनिया स्थित सेवाभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित यादव ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्हें राज्य शासन और केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में कार्य करने का अवसर मिला, लेकिन पावर कंपनीज में कार्य करने का अनुभव बेहद अलग और विशेष रहा। उन्होंने कहा कि यहां के अधिकारी और कर्मचारियों की कार्य के प्रति लगन, समर्पण और निष्ठा सराहनीय है। किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी टीम एकजुट होकर पूरी तन्मयता से कार्य करती है, जो सीखने योग्य कार्यसंस्कृति का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पावर कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों की तथ्यपरक समझ और टीम वर्क के कारण कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया जा सका। डॉ. यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पावर कंपनीज के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार (जनरेशन), राजेश कुमार शुक्ला (ट्रांसमिशन) और भीमसिंह कंवर (डिस्ट्रीब्यूशन) ने कहा कि डॉ. रोहित यादव के मार्गदर्शन में पावर कंपनी ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और स्मार्ट मीटर परियोजना में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। इसके साथ ही ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था को तेज गति से लागू किया गया।
उन्होंने बताया कि मैदानी स्तर पर आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रावधान किए गए, जिससे प्रदेश में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सफलता मिली। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण द्वारा जनरेशन कंपनी को 76.44 प्रतिशत पीएलएफ के साथ देशभर में विद्युत उत्पादन के लिए तीसरा स्थान प्रदान किया गया। वहीं उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के चलते डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की रैंकिंग बी से बढ़कर ए श्रेणी में पहुंची। ट्रांसमिशन कंपनी के लंबे समय से लंबित मामलों का भी त्वरित निराकरण किया गया।
समारोह में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय, के.एस. मनोठिया, संजय पटेल, एम.एस. चौहान, संदीप मोदी, एस.के. ठाकुर, एम.एस. कंवर, सी.एल. नेताम, संजय खंडेलवाल, एम. जामुलकर, संजीव सिंह और रश्मि वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।




