Chhattisgarh

पामगढ़ में युवती का पीछा कर अश्लील कमेंट और छेड़छाड़, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा,21 सितम्बर 2026। पामगढ़ थाना क्षेत्र में युवती का लगातार पीछा कर रास्ते में अश्लील टिप्पणी करने और छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान धीरेंद्र खांडेकर (21), निवासी ग्राम झिलमिली, थाना मुलमुला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 20 सितंबर 2026 को थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी धीरेंद्र खांडेकर लगातार उसका पीछा करता था। वह युवती के आने-जाने के दौरान रास्ते में अश्लील टिप्पणियां करता था और उसे अपमानित करने की नीयत से छेड़छाड़ करता था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पामगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 398/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 78 और 79 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और शिवरीनारायण SDOP तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम झिलमिली में दबिश दी।

पुलिस टीम ने आरोपी धीरेंद्र खांडेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और विवेचना के दौरान अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, आरक्षक भुनेश्वर पटेल, महिला आरक्षक जयंती लहरे सहित थाना पामगढ़ के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश के तहत यह कार्रवाई की।

Related Articles

Back to top button