Chhattisgarh

पाटन में शराब दुकान के सामने युवक से मारपीट, इलाज के दौरान 22 वर्षीय रुपेश वर्मा की मौत

दुर्ग । जिले के पाटन में शराब दुकान के सामने युवक से मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय रुपेश वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक ग्राम फुंडा का रहने वाला था और पाटन स्थित शराब दुकान के अहाते में काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को रुपेश शराब दुकान के अहाते में काम कर रहा था। इसी दौरान एक युवक अपने पिता के साथ शराब दुकान पहुंचा। किसी बात को लेकर युवक का रुपेश से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की ओर ले गया, जहां करीब आधे घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई।

मारपीट में रुपेश के सिर, सीने और गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रुपेश को पाटन अस्पताल ले गई। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए। कुछ समय बाद उसकी तबीयत दोबारा बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रुपेश को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मारपीट करने वाले संदिग्ध युवक को ग्राम चीचा का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उसके नशे का आदी होने की बात कही है और घटना के समय भी उसके नशे में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पाटन थाना प्रभारी के मुताबिक, 112 की टीम संदिग्ध युवक को पाटन थाने लेकर पहुंची है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रुपेश और आरोपी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। इसके साथ ही घटना में अन्य लोगों की भूमिका और आसपास मौजूद लोगों द्वारा मारपीट रोकने की कोशिश किए जाने के संबंध में भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट में मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर आई चोटों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button