पसान में हर ग्राम और मोहल्ले में होगी दही हांडी प्रतियोगिता, जन्माष्टमी पर आयोजन समितियों का सम्मान करेगा हिंदू धर्मरक्षण संगठन

कोरबा/पसान। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पसान क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। हिंदू धर्मरक्षण संगठन ने क्षेत्रवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाने की अपील की है। संगठन के अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने कहा कि हर ग्राम और हर मोहल्ले में दही हांडी प्रतियोगिता, मटकी फोड़ कार्यक्रम तथा श्रीकृष्ण-राधा की झांकी का आयोजन किया जाए, ताकि जन्माष्टमी का पर्व सामूहिक रूप से धूमधाम के साथ मनाया जा सके।
राजकुमार पांडेय ने क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से मनुष्य को धर्म, कर्तव्य और जीवन के सही मार्ग का संदेश दिया है। उन्होंने गीता के प्रसिद्ध श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती है, तब-तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं।
पसान क्षेत्र के कई ग्रामों में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दही हांडी प्रतियोगिताओं और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। संगठन के अनुसार पिछले करीब छह वर्षों से हिंदू धर्मरक्षण संगठन क्षेत्र में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने और हिंदू त्योहारों को सामूहिक रूप से मनाने के लिए कार्य कर रहा है। संगठन के पदाधिकारियों और ग्राम स्तर पर कार्यकर्ताओं के प्रयासों से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में धार्मिक आयोजनों को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ा है।
संगठन के उपाध्यक्ष मुकेश साहू ने बताया कि पिछले छह वर्षों में पसान क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों और आयोजनों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से लोगों को अपने धार्मिक पर्वों को मिल-जुलकर मनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
संगठन के सचिव ओम जायसवाल ने सभी जन्माष्टमी आयोजन समितियों का आभार जताते हुए कहा कि आयोजन समितियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से संगठन द्वारा जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने वाली समितियों का सम्मान किया जाएगा। वहीं कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता और सह कोषाध्यक्ष विकास पांडेय ने बताया कि संगठन की ओर से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लोगों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए प्रेरित किया गया है।
संगठन के मीडिया प्रभारी हिमांशु पांडेय और सह मीडिया प्रभारी सौरभ प्रजापति ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के मामले में पसान क्षेत्र का नाम पूरे कोरबा जिले में प्रमुखता से लिया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार होने वाले धार्मिक आयोजनों से सामाजिक सहभागिता और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि संगठन द्वारा धार्मिक जागरूकता और सनातन संस्कृति के प्रति गर्व की भावना बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पसान क्षेत्र के लोगों में अपने धर्म और धार्मिक उत्सवों के प्रति जागरूकता, सम्मान और गौरव की भावना मजबूत हुई है। संगठन का कार्य जल्के, पिपरिया, पसान, लैगा और सेमरा सहित करीब 40 किलोमीटर के क्षेत्र में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संगठन के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों की गतिविधियों का विस्तार भी किया गया है। संगठन का उद्देश्य लोगों को सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जोड़ना तथा राष्ट्रीय और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
राजकुमार पांडेय ने कहा कि संगठन का संकल्प राष्ट्रीय एकता और समाज की एकता है। उन्होंने जात-पात के भेदभाव को समाप्त कर समाज में आपसी भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, ग्राम प्रभारियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से संगठन को मजबूती मिली है।
इस अवसर पर संगठन के संयोजक एवं संरक्षक हरि प्रसाद शास्त्री, राम शरण सिंह, लालता प्रसाद पांडेय, अमरनाथ साहू, आनंद मित्तल, अनिल सोमानी, बजरंग जायसवाल, अनिल गुप्ता, सुरेश जलान, पटेल सिंह तवर, कुशल सिंह अर्मो, दुर्गेश प्रताप सिंह राजपूत, राजेश प्रजापति, रमेश वाकरे, ओम प्रकाश पोर्ते, संतोष साहू, हरि जायसवाल सहित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, ग्राम प्रभारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
संगठन की ओर से समस्त क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से समाज में सुख, शांति, प्रसन्नता और एकता बनाए रखने की कामना की गई।




