निशु आजाद केस: स्वतंत्र भारद्वाज पर कसा शिकंजा, SC-ST एक्ट के साथ 307 की तैयारी

दिल्ली में CJP द्वारा आहूत 20 जुलाई के संसद मार्च के दौरान निशु आजाद (Nishu Azad) के पिता संजय कुमार (Sanjay Kumar) पर हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwa) का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर कथित कबूलनामे वाले वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार, 4 सितंबर को CJP के नेता और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद मार्ग थाने पहुंचे। चंद्रशेखर आजाद ने थाने में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई को लेकर चर्चा की। CJP नेताओं की ओर से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और संजय कुमार को न्याय दिलाने की मांग की जा रही है।
करीब दो घंटे चली वार्ता के बाद सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ SC/ST एक्ट की धाराएं लगाई जाएंगी। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस संजय कुमार का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराएगी। सूत्रों के अनुसार, मेडिकल जांच की रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जाए या नहीं। वहीं, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित किए जाने की भी बात कही जा रही है।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों से नेताओं की मुलाकात के बाद निशु आजाद ने कहा कि पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है और उन्हें उम्मीद है कि अब मामले में और देरी नहीं होगी। निशु ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से स्वतंत्र के समर्थकों की ओर से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भी उन्होंने FIR दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर की घटना ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया। उनके मुताबिक, वह कई हफ्तों तक स्कूल नहीं जा सकीं और उन्हें लगता था कि लोग उन्हें गलत नजर से देख रहे हैं। निशु ने उम्मीद जताई कि पुलिस अब मामले में कार्रवाई करेगी और आगे उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करेगी।
CJP की ओर से निशु आजाद के वकील और AICC लॉ डिपार्टमेंट के ऋषभ रंजन ने बताया कि एडिशनल DCP मंजीत शर्मा की मौजूदगी में पुलिस के साथ हुई बैठक में मौजूदा FIR में हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और SC/ST एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ने की मांग की गई। उनके मुताबिक, पुलिस ने इन धाराओं को जोड़ने पर सहमति जताई है। ऋषभ रंजन ने बताया कि निशु आजाद को मिल रही ऑनलाइन धमकियों और बदसलूकी को लेकर अलग FIR दर्ज करने की भी मांग की गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को आज या अधिकतम 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि निशु के खिलाफ ऑनलाइन बदसलूकी करने वाले अकाउंट्स की सूची भी पुलिस को सौंपी गई है, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।




