नारायणपुर में जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ थीम पर दिखी रचनात्मकता

नारायणपुर, 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में जिला स्तरीय महाविद्यालयीन रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ रखी गई, जिसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय विरासत और रचनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से भारतीय संस्कृति, शासकीय योजनाओं, राष्ट्रीय एकता, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में स्थानीय और प्राकृतिक सामग्रियों के प्रयोग ने विशेष आकर्षण पैदा किया। निर्णायकों ने रचनात्मकता, विषयवस्तु, प्रस्तुति, कलात्मकता और प्राकृतिक सामग्री के उपयोग के आधार पर प्रतिभागियों की रंगोलियों का मूल्यांकन किया।
शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर की बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सुनीता नुरेटी और उनकी साथी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से रामकृष्ण मिशन विवेकानंद महाविद्यालय, नारायणपुर के कपूरचंद एवं उनकी टीम तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय छोटेडोंगर के प्रमोद कुमार नाग एवं उनकी टीम को मिला।
वहीं तृतीय स्थान संयुक्त रूप से शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय की भूमिका सोरी एवं उनकी टीम तथा वीरांगना रामोतीन माड़िया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय की वीना मातलाम एवं उनकी टीम ने हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रतियोगिता में प्रदर्शित रंगोलियों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, अतिथि व्याख्याताओं, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और ‘विविधता में एकता’ की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।




