Chhattisgarh

धमतरी में WhatsApp Status पर सरपंच, सचिव और ग्रामीणों पर अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

धमतरी। जिले में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों को लेकर धमतरी पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में बोराई थाना पुलिस ने ग्राम कसपुर में व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने तथा गांव का माहौल बिगाड़ने के आरोप में एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नगरी के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कसपुर निवासी उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी, पिता संतूराम चक्रधारी, उम्र 30 वर्ष ने 20 अगस्त 2026 को अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर ग्राम के सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के संबंध में अभद्र टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी के बाद गांव में विवाद और अशांति की स्थिति उत्पन्न होने की शिकायत पुलिस को मिली थी।

मामले को लेकर ग्राम कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम ग्रामीणों के साथ थाना बोराई पहुंचे और पुलिस को शिकायत आवेदन सौंपा। शिकायत में बताया गया कि आरोपी को समझाइश देने के बावजूद वह विवाद और मारपीट पर उतारू होने की स्थिति में था। इससे गांव में शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी हुई थी।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए बोराई पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी के खिलाफ धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नगरी के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायिक प्रक्रिया के बाद आरोपी को जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी और कानूनसम्मत तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर ऐसी कोई सामग्री पोस्ट, शेयर या प्रसारित नहीं करनी चाहिए, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा प्रभावित हो, सामाजिक सौहार्द बिगड़े या शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति पैदा हो।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से विवाद या अशांति फैलाने वाले कृत्यों के मामलों में परिस्थितियों और कानून के प्रावधानों के अनुसार प्रभावी वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और जिले में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button