धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज, दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 25 जुलाई 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुरूद और थाना सिहावा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब और बिक्री की रकम जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी और छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चारमाठा पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मुरारी दास वैष्णव (54 वर्ष), निवासी परसवदा, थाना कुरूद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 17 पाव देशी मसाला शराब, जिसकी कुल मात्रा 3060 मिलीलीटर थी, तथा बिक्री से प्राप्त नगदी बरामद की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 2 हजार रुपये बताया गया है। थाना कुरूद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत अपराध क्रमांक 220/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम रानीगांव मानस मंच के पास कार्रवाई करते हुए मनीष मरकाम, पिता स्वर्गीय सुखराम मरकाम, निवासी रानीगांव मानस मंच, थाना सिहावा को अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की नगदी जब्त की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 750 रुपये आंका गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत अपराध क्रमांक 55/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।



