National

तप्त कुंड में 108 डुबकी लगाते दौरान हुई बेहोश, राजस्थान की दो बुजुर्ग बहनों मौत

बद्रीनाथ, 11 सितम्बर । उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्थित तप्त कुंड में पवित्र स्नान के दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की रहने वाली दो बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं रिश्ते में बहनें थीं और धार्मिक यात्रा के तहत बद्रीनाथ पहुंची थीं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गर्म पानी में लंबे समय तक डुबकी लगाने और लगातार स्नान करने के कारण दोनों महिलाओं की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद वे बेहोश होकर कुंड में गिर गईं।

भगवान का नाम लेते हुए लगा रही थीं 108 डुबकियां जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भीलवाड़ा से श्रद्धालुओं का एक दल 4 सितंबर को बद्रीनाथ धाम पहुंचा था। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे यह दल मंदिर दर्शन के लिए पहुंचा था। दर्शन से पहले पुरुष श्रद्धालु अमर चंद्र शर्मा पुरुषों के लिए बने तप्त कुंड में स्नान करने चले गए, जबकि महिलाएं अलग बने कुंड में स्नान कर रही थीं। साथ मौजूद श्रद्धालुओं के मुताबिक, रामू देवी (71 वर्ष) और उनकी बहन प्रेम देवी (63 वर्ष) भगवान का स्मरण करते हुए तप्त कुंड में लगातार 108 डुबकियां लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वे गर्म पानी में बेहोश होकर गिर गईं।

मौके पर किया गया CPR, इलाज के दौरान मौत घटना के बाद आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों महिलाओं को कुंड से बाहर निकाला। उन्हें होश में लाने के लिए CPR देने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दोनों को तत्काल बद्रीनाथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई बद्रीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button