Chhattisgarh

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष का ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’, राहुल-प्रियंका समेत कई सांसद हिरासत में

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 2026। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को 19 विपक्षी दलों के सांसदों ने आज दिल्ली में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला। संसद के मकर द्वार से शुरू हुआ यह मार्च चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहा था, लेकिन सुरक्षा बलों ने इसे आगे बढ़ने से रोक दिया। विपक्षी सांसदों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने ‘सेव डेमोक्रेसी’ का बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की रही। मार्च को रोकने के लिए दिल्ली में संसद और चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की गई थी।

मार्च के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाथ में तिरंगा लेकर आगे बढ़ते नजर आए। प्रियंका गांधी भी बैरिकेड्स के पास पहुंचीं। रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है।

राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान ‘Gyanesh, it’s done, bro, time to resign’ संदेश वाला पोस्टर भी दिखाया। यह संदेश खास तौर पर युवा और Gen-Z मतदाताओं तक पहुंच बनाने के प्रयास के तौर पर देखा गया। चुनाव आयोग के 2024 के आंकड़ों के अनुसार, 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की हिस्सेदारी देश के कुल मतदाताओं में 22.78 प्रतिशत थी।

विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के SIR को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर चिंताएं हैं। वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची में संशोधन का उद्देश्य डुप्लीकेट, मृत या अपात्र प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखना है।

यह मुद्दा पिछले कुछ दिनों से देशभर में विपक्षी दलों और विभिन्न समूहों के प्रदर्शनों का केंद्र बना हुआ है। 4 अक्टूबर को दिल्ली और मुंबई समेत कई जगहों पर भी चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए थे।

इससे पहले विपक्षी गठबंधन ने अगस्त 2025 में भी संसद भवन से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च किया था। मौजूदा विरोध के बीच विपक्ष ने ‘सेव डेमोक्रेसी’ अभियान के तहत आगे भी प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है।

Related Articles

Back to top button