Entertainment

जाह्नवी सोनी को अपनी दोस्त से मिली ‘सयोनी’ की सान्वी बनने की प्रेरणा, कहा- “मेरी दोस्त बिना माँ के बड़ी हुई है”…

मुंबई, सितम्बर, 2026: स्टार प्लस का नया शो ‘सयोनी’ अपने प्रोमोज़ के सामने आने के बाद से ही चर्चा में है। सरगुन मेहता के ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस शो से रश्मि देसाई लंबे समय बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। वहीं, हाल ही में सामने आए प्रोमो में गौतम सिंह विग और जाह्नवी सोनी की झलक ने कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। शो में जाह्नवी सान्वी का किरदार निभा रही हैं, जिसकी परवरिश एक अनाथालय में हुई है और जिसने बचपन से माँ का प्यार नहीं पाया। असल जिंदगी में जाह्नवी ने भले ही ऐसी परिस्थितियों का सामना न किया हो, लेकिन अपनी एक बेहद करीबी दोस्त की जिंदगी को करीब से देखने की वजह से वह सान्वी की भावनाओं को बेहतर तरीके से समझ पाईं।

इस बारे में बात करते हुए, जाह्नवी कहती हैं, “मैं खुद कभी सान्वी जैसी परिस्थितियों से नहीं गुजरी हूँ, लेकिन मेरी एक बहुत अच्छी दोस्त है, जो बिना माँ के बड़ी हुई है। वह अपनी मासी को ही अपनी माँ मानती है और मैंने उनके इस रिश्ते को बहुत करीब से देखा है। मैं अक्सर सोचती थी कि जब वह बड़ी हो रही थी, स्कूल जाती थी, उसके एग्जाम होते थे या जिंदगी के छोटे-बड़े खास पल आते थे, तब उसकी माँ उसके साथ नहीं थीं। धीरे-धीरे उसकी मासी ही उसके लिए माँ और उसका सबसे बड़ा सहारा बन गईं। मुझे लगता है कि अनाथालय में बड़े होने वाले कई बच्चों को भी कोई ऐसा शख्स मिल जाता है, जिससे वे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं और उसी में उन्हें अपने परिवार और अपनेपन का एहसास मिलने लगता है।”

वे आगे कहती हैं, “मेरी दोस्त की जिंदगी को इतने करीब से देखने के अनुभव ने मुझे सान्वी और उसके अंदर माँ के प्यार की कमी को समझने में मदद की। इस किरदार की तैयारी करते वक्त मैंने उन्हीं भावनाओं को महसूस करने और समझने की कोशिश की। इससे मैं यह समझ पाई कि सान्वी के लिए किसी में माँ की छवि और अपना परिवार तलाशना इतना मायने क्यों रखता है।”

रश्मि देसाई, जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग अभिनीत ‘सयोनी’ का प्रीमियर 23 सितंबर को शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।

Related Articles

Back to top button