Entertainment

एक बिखरा परिवार, बदला एक औरत‌ का संसार; ज़ी सिनेमा पर होने जा रहा ‘हक़’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर

मुंबई, 16 सितम्बर, 2026: इस साल की सबसे चर्चित इमोशनल ड्रामाज़ में से एक ‘हक़’ अब टेलीविज़न दर्शकों के बीच आने जा रही है। एंड पिक्चर्स पर इमरान हाशमी और यामी गौतम धर स्टारर ‘हक़’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर शनिवार, 20 सितंबर को रात 8 बजे होगा। फिल्म की कहानी एक परिवार, एक शादी, एक घर और एक महिला की खुद को लेकर सोच के बिखरने की है, जब उसका पति दूसरी पत्नी को उनकी ज़िंदगी में लेकर आता है। थिएटर में रिलीज़ के बाद इस कहानी ने दर्शकों के बीच खास असर छोड़ा, खासकर महिलाओं ने इसकी मुख्य किरदार की कहानी में उस शांत ताकत की झलक देखी, जिसे अक्सर पहचान नहीं मिलती।

सुपर्ण एस. वर्मा के निर्देशन में बनी ‘हक़’ एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसकी दुनिया पूरी तरह बदल जाती है और जो अपने और अपने बच्चों के लिए आवाज़ उठाने का फैसला करती है। यह कहानी सिर्फ उस मुश्किल सफर की नहीं है, जहाँ एक महिला को लगता है कि उसके लिए सारे रास्ते बंद हो रहे हैं, बल्कि उन रास्तों की भी है, जिन्हें वो खुद अपने लिए खोलने का हौसला जुटाती है।

फिल्म के टेलीविज़न प्रीमियर के बारे में बात करते हुए, इमरान हाशमी ने कहा, “इस फिल्म की तरफ मेरा ध्यान कोर्टरूम के ड्रामा ने नहीं, बल्कि एक घर के अंदर चल रही उस खामोश तबाही ने खींचा। ऐसे शख्स का किरदार निभाना, जो अपने सबसे करीबी लोगों का भरोसा तोड़ देता है, लेकिन खुद भी पूरी तरह इसे स्वीकार नहीं कर पाता, मेरे लिए निभाए गए सबसे असहज किरदारों में से एक था। कुछ कहानियों को बड़े पर्दे का शोर चाहिए होता है और कुछ कहानियों के लिए घर के कमरे जैसी नज़दीकी बेहतर होती है। मुझे लगता है कि ‘हक़’ दूसरी तरह की कहानी है। मुझे खुशी है कि अब यह कहानी परिवारों तक उनके घर में, एक साथ पहुंच रही है।”

यामी गौतम धर, जिनकी इस फिल्म में परफॉर्मेंस को उनके करियर की बेहतरीन परफॉर्मेंस में से एक कहा गया है, ने कहा, “जब मैंने पहली बार यह कहानी पढ़ी, तो इसकी मुख्य किरदार की ताकत और हिम्मत मेरे साथ रह गई। यह अपनी आवाज़ तलाशने, अपने विश्वास के लिए खड़े होने और तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने फैसले खुद लेने की हिम्मत की कहानी है। मुझे बहुत खुशी है कि एंड पिक्चर्स पर होने वाला वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर इस कहानी को और भी ज्यादा लोगों तक पहुंचाएगा और उन्हें इसके किरदारों और जज़्बात से जुड़ने का मौका देगा।”

‘हक़’ ने सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन किया और हर उम्र के दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई। खास तौर पर महिलाओं ने इसकी कहानी की सच्चाई और ईमानदारी को पसंद किया। एंड पिक्चर्स का टेलीविज़न प्रीमियर अब एक ऐसी महिला की कहानी को पूरे भारत के घरों और लिविंग रूम तक लेकर आ रहा है, जो अपनी आवाज़ और अपने फैसलों को फिर से अपने हाथ में लेती है।

देखना न भूलें ‘हक़’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर, शनिवार, 20 सितंबर, रात 8 बजे, सिर्फ एंड पिक्चर्स पर।

Related Articles

Back to top button