Chhattisgarh

जांजगीर-नैला में स्वच्छता व्यवस्था की कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की औचक जांच, कचरा डंपिंग पर सख्ती के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 23 अगस्त 2026। नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने रविवार को फील्ड में उतरकर विभिन्न क्षेत्रों और मणिकंचन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खोखरा सहित वार्ड क्रमांक 01, 04 और 18 स्थित एसएलआरएम केंद्रों में कचरा संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खोखरा स्थित एसएलआरएम सेंटर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां कचरे की डंपिंग पर पूर्णतः रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में पहले से एकत्रित कचरे का शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण जरूरी है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नगर पालिका के अधिकारियों को घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का स्रोत पर ही उचित पृथक्करण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि दुकानों, बाजारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से केवल पृथक किया हुआ कचरा ही संग्रहित किया जाए। बिना पृथक्करण के कचरा देने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों को पहले समझाइश देने तथा नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और निर्धारित कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से ही कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और नगर में कचरा संग्रहण से लेकर उसके वैज्ञानिक निस्तारण तक पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाए।

कलेक्टर ने सड़क, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति को रोकने के लिए निगरानी के साथ-साथ नागरिकों को लगातार जागरूक किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसएलआरएम केंद्रों में कार्यरत स्वच्छता दीदियों से भी संवाद किया। उन्होंने उनके कार्य, कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण की प्रक्रिया और काम के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने अधिकारियों को ग्लव्स, मास्क, सुरक्षा जूते और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्य में लगे कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इसके बाद कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 18 पहुंचकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड में कार्यरत कचरा संग्रहण टीम के कामकाज को देखा और घरों से कचरा उठाने तथा स्रोत पर कचरा पृथक्करण की स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर से निकलने वाले कचरे को निर्धारित चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर नगर पालिका की कचरा संग्रहण टीम को सौंपे। उन्होंने लोगों से सड़क, नाली और खुले स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा नगर पालिका की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला को स्रोत पर कचरा पृथक्करण, नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, व्यावसायिक क्षेत्रों की स्वच्छता और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के लिए कचरे का सही तरीके से संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण बेहद जरूरी है। अधिकारियों को पूरी व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, अनुविभागीय अधिकारी सुब्रत प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button