जांजगीर-चांपा: शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, आरोपी अनिल पटेल गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

जांजगीर-चांपा। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बलौदा थाना पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी टोनी टंडन, निवासी बलौदा ने 25 जुलाई 2026 को थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन शाम करीब 5:30 बजे ग्राम नगपुरा मुक्तिधाम के सामने मुख्य सड़क पर आरोपी अनिल पटेल (26 वर्ष), निवासी पाली चौकी, थाना जांजगीर ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी भड़क गया। उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना बलौदा पुलिस ने अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 119(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक ओमकार वर्मा, प्रधान आरक्षक छोटे लाल साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे, प्रहलाद निर्मलकर, जयराम बिंझवार एवं टिकेश्वर राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




