Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप कल करेंगे अनशन, शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ बड़ा कदम

जांजगीर-चांपा । जिले की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है, जहां क्षेत्रीय विधायक व्यास कश्यप ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज़ होकर सत्याग्रह (अनशन) करने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम 04 मई 2026, सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सामने आयोजित किया जाएगा, जो सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा।

बताया जा रहा है कि यह आंदोलन राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में हो रही अनियमितताओं और भेदभाव के विरोध में किया जा रहा है। विधायक कश्यप का आरोप है कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक सही तरीके से नहीं पहुंच रहा है और कई स्तरों पर लापरवाही व अनदेखी देखने को मिल रही है। इसी मुद्दे को लेकर वे जनहित में आवाज उठाने के लिए अनशन पर बैठेंगे।

इस सत्याग्रह का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में कांग्रेस से जुड़े जिला, नगर और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता, बूथ एवं सेक्टर स्तर के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की अपील की गई है।

विधायक कार्यालय की ओर से जारी अपील में सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन में शामिल होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया है। कार्यक्रम को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और प्रशासन भी इस पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button