जांजगीर-चांपा में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 आरोपी गिरफ्तार; 120 लीटर महुआ शराब और 191 पाव देशी शराब जब्त

जांजगीर-चांपा, 15 जुलाई 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ बुधवार तड़के बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाकर शराब माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर देर रात से लेकर सुबह तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमार कार्रवाई की गई। इस अभियान में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि उनके कब्जे से 120 लीटर कच्ची महुआ शराब, 191 पाव देशी प्लेन शराब समेत कुल 39,280 रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई।
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने किया। जिले के सभी सब-डिवीजनों में अलग-अलग राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर एक साथ कार्रवाई की गई। देर रात पुलिस ने नेशनल हाईवे पर संचालित ढाबों की सघन जांच की, वहीं सुबह होते ही ग्राम तूषमा, कुरियारी, कमरीद, सहसा, पामगढ़, अकलतरा, बलौदा और सारागांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने वालों के ठिकानों पर दबिश दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार थाना पामगढ़ क्षेत्र में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 82 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। थाना शिवरीनारायण में दो आरोपियों के पास से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब और 60 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई। थाना बलौदा में एक आरोपी से 34 पाव देशी प्लेन शराब, जबकि थाना सारागांव में एक आरोपी से 32 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई।
इसी तरह थाना नवागढ़ क्षेत्र में एक आरोपी से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब, थाना जांजगीर में एक आरोपी से 30 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई। वहीं थाना अकलतरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें विराट ढाबा (चिंटू) से 35 पाव देशी प्लेन शराब तथा दूसरे आरोपी से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा हाईवे स्थित विजय ढाबा में शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने का मामला सामने आने पर आबकारी अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सेवन को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।




