Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में अब ऑनलाइन मिलेगा स्थानांतरण प्रमाण पत्र, प्राचार्यों को दिया गया प्रशिक्षण

जांजगीर-चांपा, 29 सितंबर 2026। विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) प्राप्त करने के लिए अब स्कूल कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के स्थानांतरण प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इस संबंध में जिले के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण दिया गया।

जिला ई-गवर्नेंस चिप्स विभाग की ओर से आकांक्षा परिसर जांजगीर में आयोजित प्रशिक्षण में प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के निराकरण और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

ई-जिला प्रबंधक सुनील कुमार साहू ने बताया कि अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के स्थानांतरण प्रमाण पत्र सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राचार्यों द्वारा ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सरल, सुलभ, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से वर्तमान में शिक्षा, रेशम, खादी एवं ग्रामोद्योग, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत, राजस्व, गृह, पशुपालन, मछली पालन, उद्यानिकी, कृषि, आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित विभिन्न विभागों की 900 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को संबंधित विभागों के कार्यालयों में बार-बार जाने की आवश्यकता कम होगी और सरकारी सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त की जा सकेंगी।

Related Articles

Back to top button