Chhattisgarh

जमीन विवाद में महिला की मौत, हत्या के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 05 सितम्बर 2026। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमेश्वर साहू (25), निवासी कोयला, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी जनकराम साहू (50), निवासी कोसला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर जनकराम साहू का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर जनकराम ने बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू के सिर पर भी लाठी से हमला किया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पामगढ़ पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू की मौत हो गई।

मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 103(1) के तहत जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को परमेश्वर साहू की घटना में संलिप्तता की जानकारी मिली। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई में TI निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार और आरक्षक भुनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

Related Articles

Back to top button