छत्तीसगढ़ में मीडिया कर्मियों को मिलेगा स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा का लाभ, योजना के प्रारूप पर 30 नवंबर तक मांगे सुझाव

रायपुर, 01 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में कार्यरत मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में राज्य शासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना–2026’ का प्रारूप तैयार किया गया है। शासन ने योजना को अंतिम रूप देने से पहले मीडिया कर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
जनसंपर्क विभाग के अनुसार, योजना के प्रारूप और इसके क्रियान्वयन से संबंधित सुझाव 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक भेजे जा सकते हैं। इसके लिए योजना का प्रारूप जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.dprcg.gov.in पर प्रकाशित किया गया है।
इच्छुक मीडिया कर्मी योजना के प्रावधानों, लाभ और क्रियान्वयन से जुड़े अपने सुझाव ईमेल के माध्यम से chhattisgarhmediakarmi@gmail.com पर भेज सकते हैं।
राज्य शासन की इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में कार्यरत मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य और दुर्घटना संबंधी जोखिमों से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक समूह बीमा योजना तैयार करना है। सुझाव प्राप्त होने के बाद योजना के प्रारूप और क्रियान्वयन को लेकर आगे की प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी।




