Chhattisgarh

छत्तीसगढ़: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर महज 12 घंटे में लटोरी पहुंची ALS एंबुलेंस, गंभीर मरीजों को मिलेगी तत्काल चिकित्सा सुविधा

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लटोरी के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। खास बात यह है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई। बुधवार को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प अभियान के तहत हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया।

लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ALS एंबुलेंस की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इसके साथ ही मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इस सुविधा का लाभ लटोरी सहित आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा।

इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध हो और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ALS एंबुलेंस की उपलब्धता से क्षेत्र की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

मंत्री राजवाड़े ने एंबुलेंस की मांग पर तत्काल निर्णय लेकर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई और अगले ही दिन इसकी सेवा का शुभारंभ कर दिया गया।

कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, नूतन विश्वास, महेश्वर पैकरा, बीना गुप्ता, ठाकुर सिंह पैकरा, सुमित्रा राजवाड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button