क्या स्वतंत्रता दिवस पर अजय चंद्राकर ने फहराया भाजपा का झंडा? वायरल वीडियो की पड़ताल में सामने आई सच्चाई

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते दिखाई दे रहे हैं। इसे 15 अगस्त 2026 का वीडियो बताते हुए सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं और कुछ लोगों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से जोड़ दिया।
हालांकि, पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि पुराना वीडियो है, जिसे स्वतंत्रता दिवस के दिन नए संदर्भ में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
एक्स पर @musafir_vj नाम के यूजर ने यह वीडियो 15 अगस्त की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच पोस्ट किया। पोस्ट के समय और संदर्भ के कारण कई लोगों को लगा कि वीडियो स्वतंत्रता दिवस का है। इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हुआ और कई यूजर्स ने अजय चंद्राकर पर सवाल उठाते हुए टिप्पणियां कीं।
अजय चंद्राकर के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में 15 अगस्त 2026 को धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तस्वीरें और जानकारी साझा की गई है। इन तस्वीरों में चंद्राकर स्पष्ट रूप से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो और 15 अगस्त के कार्यक्रम की तस्वीरों में उनके पहनावे में भी अंतर दिखाई देता है। वायरल वीडियो में वह नीले रंग की कोटी पहने नजर आ रहे हैं, जबकि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तस्वीरों में उनकी कोटी का रंग मैरून है। इससे स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो 15 अगस्त के कार्यक्रम का नहीं है।
अजय चंद्राकर ने धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने की जानकारी साझा करते हुए तिरंगे को देश की आन, बान और शान बताया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जवानों की मार्चपास्ट की सलामी भी ली।
वायरल वीडियो को लेकर अजय चंद्राकर ने भी वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि व्यूज पाने की होड़ में पुराने वीडियो को नए संदर्भ में प्रस्तुत कर राजनीतिक भ्रम फैलाना पत्रकारिता नहीं है। उन्होंने किसी भी वीडियो को प्रसारित करने से पहले उसके समय, संदर्भ और तथ्यों की पुष्टि करने की बात कही।
चंद्राकर के मुताबिक, जिस वीडियो को 15 अगस्त का बताकर प्रसारित किया जा रहा है, वह 26 मार्च को आयोजित भाजपा प्रशिक्षण कार्यशाला का है। उन्होंने पुराने वीडियो को नए संदर्भ में पेश किए जाने को जनता को गुमराह करने वाला कदम बताया और कहा कि पत्रकारिता का धर्म तथ्यों को सामने रखना है।
पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो पुराना है और इसे 15 अगस्त 2026 का बताकर प्रसारित किया गया। वहीं, 15 अगस्त को धमतरी में आयोजित आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोह में अजय चंद्राकर ने तिरंगा फहराया था। ऐसे में वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है।




