Chhattisgarh

किन्नर समाज की अध्यक्ष मालती किन्नर का निधन, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक

कोरबा। किन्नर समाज की अध्यक्ष मालती किन्नर का रविवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार सुबह शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से किन्नर समाज सहित सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मालती किन्नर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं। सामाजिक कार्यक्रमों और समाजसेवा से जुड़े कार्यों में उनकी भागीदारी रही। उन्होंने राजनीति के क्षेत्र में भी अपनी सक्रियता दिखाई थी। वह पार्षद और महापौर का चुनाव भी लड़ चुकी थीं।

उनके निधन पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और भाजपा के वर्तमान मंत्री लखनलाल देवांगन ने शोक व्यक्त किया। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मालती किन्नर के निधन को सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी थीं और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती थीं। उनके सहज और सेवाभावी व्यक्तित्व ने शहर में उन्हें अलग पहचान दिलाई। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए किन्नर समाज, परिजनों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

वहीं मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि सीतामणी वैष्णो मंदिर, कोरबा के समीप निवासरत मालती किन्नर के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। अपने सामाजिक कार्यों एवं सेवाभावी भाव से उन्होंने समाज में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से समाज और शहर ने एक संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल शुभचिंतकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button