तीन दिन में अपहृत नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा,20 जनवरी 2026। जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को महज तीन दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बालिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर अपहृता और आरोपी की पतासाजी की गई। विवेचना के दौरान 19 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया तथा आरोपी सुनील कश्यप (उम्र 20 वर्ष), निवासी पचरी, थाना अकलतरा को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 96, 64(एम), 65(1) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा (थाना प्रभारी बलौदा), सहायक उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




