कोरबा: हसदेव नदी के पुल पर मिली आरक्षक की बाइक, नदी में तलाश जारी

कोरबा,23 अक्टूबर 2026। जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में केंदई के समीप हसदेव नदी के पुल पर एक आरक्षक की बाइक और उसके निजी दस्तावेज मिलने के बाद नदी में उसके डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर बाइक के ऊपर मोबाइल फोन, पर्स, पुलिस पहचान पत्र और आधार कार्ड रखे मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक की तलाश शुरू कराई। उसकी खोज के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की गोताखोर टीम को बुलाया गया है।
आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। जानकारी के अनुसार, हसदेव नदी के पुल पर उसकी बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली। बाइक के पास मिले सामान और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वह पुल से नदी में कूदा हो सकता है। हालांकि, उसके नदी में छलांग लगाने की घटना की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। बाइक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर आरक्षक की पहचान सुनिश्चित कर संबंधित थाना-चौकी को सूचना दी गई है। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
हसदेव नदी में पानी की मौजूदगी और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय नदी में खोज अभियान चलाना भी चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। ऐसे में SDRF की गोताखोर टीम की मदद से आरक्षक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम के अनुसार, आरक्षक के पहचान पत्र से उसकी पदस्थापना की जानकारी मिली है और संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता आरक्षक का पता लगाना है। वह किन परिस्थितियों में पुल तक पहुंचा और उसके नदी में गिरने या छलांग लगाने के पीछे क्या कारण रहे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




