Chhattisgarh

कोरबा में युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से हुई पहचान

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया Realme कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह कार्रवाई कोरबा पुलिस के ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे 24 वर्षीय पूनम राय, निवासी बालाजी विहार स्कूल के पास, पंप हाउस अटल आवास, चौकी सीएसईबी, बाजार से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी करीब 15 हजार रुपये कीमत का Realme मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 274/2026 दर्ज कर धारा 304(2), 115(2) बीएनएस के तहत मामला कायम किया और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस को आरोपी की पहचान रामा सोरी, पिता बंशी सोरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी जैन मंदिर के पीछे, बुधवार बाजार के पास, कोरबा के रूप में हुई।

पुलिस को 9 अगस्त 2026 को मुखबिर से आरोपी के बुधवार रेलवे किनारे बस्ती, चौकी सीएसईबी क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रामा सोरी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल लूटने की घटना को स्वीकार किया।

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने Realme कंपनी का मोबाइल फोन, मॉडल RMX 3944, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है, बरामद कर विधिवत जब्त किया। विवेचना के दौरान अपराध की प्रकृति के आधार पर प्रकरण में धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपी रामा सोरी को 9 अगस्त 2026 को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी और लूटे गए मोबाइल की बरामदगी में पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रमोद पटेल, प्रधान आरक्षक 286 गोविन्द सिंह और आरक्षक 689 रितेश शर्मा का विशेष योगदान रहा।

कोरबा पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतासाजी के जरिए आरोपी तक पहुंचकर लूटे गए मोबाइल को बरामद किया गया है।

Related Articles

Back to top button