कोरबा में बैंक कैश वैन की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, चालकों और सुरक्षा गार्डों को दिए गए अहम दिशा-निर्देश

कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और बैंक कैश परिवहन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के विभिन्न बैंकों के कैश वैन चालकों और सुरक्षा गार्डों की बैठक लेकर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि बैंक कैश वैन की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। कैश परिवहन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बड़ी आपराधिक घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी चालक और सुरक्षा गार्ड पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं तथा सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि कैश परिवहन के दौरान निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। कैश वैन केवल निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार संचालित की जाए तथा बिना आवश्यकता किसी भी स्थान पर वाहन न रोका जाए। यात्रा के दौरान चालक और सुरक्षा गार्ड संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखें।
बैठक में यह भी कहा गया कि कैश लोडिंग और अनलोडिंग के समय विशेष सतर्कता बरती जाए। बैंक परिसर और उसके आसपास होने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वाहन दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत डायल-112, कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना पुलिस को दी जाए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा गार्डों को निर्देशित किया कि वे ड्यूटी के दौरान अपने निर्धारित स्थान पर तैनात रहें और सुरक्षा उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार रहें। साथ ही हथियार, संचार उपकरण और अन्य सुरक्षा संसाधनों को हमेशा कार्यशील अवस्था में रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैश वैन के संचालन और सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा नहीं की जानी चाहिए।
कोरबा पुलिस ने सभी बैंक कैश वैन चालकों और सुरक्षा गार्डों से अपील की कि वे सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम और अभियानात्मक कार्रवाई की जा रही है, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आम नागरिकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।




