Chhattisgarh

कोरबा महापौर संजू देवी सिंह राजपूत का आयुष मेडिकल एसोसिएशन ने किया सम्मान, शहर के विकास और जनसेवा को बताया प्राथमिकता

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत को शहर के विकास, जनसेवा और संवेदनशील नेतृत्व के लिए आयुष मेडिकल एसोसिएशन (आयुष्मा) कोरबा ने सम्मानित किया। होटल टॉप इन टाउन में आयोजित सम्मान समारोह में एसोसिएशन की ओर से उन्हें शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में महापौर संजू देवी सिंह राजपूत ने सम्मान के लिए आयुष मेडिकल एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और जनहित के कार्यों को सभी के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाएं।

महापौर ने कहा कि जनप्रतिनिधि को हमेशा लोगों के लिए सहज और सुलभ होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे केवल किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि पूरे नगर के प्रत्येक नागरिक के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगी और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेंगी।

कार्यक्रम में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप, आयुष मेडिकल एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र सिंह ठाकुर, आयुष मेडिकल एसोसिएशन पेंड्रा के जिलाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने महापौर के नेतृत्व और जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

समारोह में आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के संरक्षक डॉ. आर.सी. पांडे, डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. जे.पी. चंद्रा, डॉ. के.के. पोद्दार, डॉ. उदय शर्मा, डॉ. कमलेश दुबे, डॉ. अतुल धाबु, डॉ. सपना धाबु, अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, सचिव डॉ. राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय वैष्णव सहित बड़ी संख्या में आयुष चिकित्सक और एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने किया, जबकि अंत में डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया।

यह सम्मान समारोह शहर के विकास, जनप्रतिनिधियों और चिकित्सा समुदाय के बीच बेहतर समन्वय तथा सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। समारोह में मौजूद चिकित्सकों ने भी भविष्य में नगर निगम के साथ मिलकर स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button