Chhattisgarh

कोरबा: तालाब में नहाने गए ग्रामीण की डूबने से मौत, देर रात पानी में तैरता मिला शव

कोरबा,16 जुलाई 2026। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नवापारा में तालाब में डूबने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घर से नहाने के लिए निकले 55 वर्षीय व्यक्ति का शव देर शाम तालाब में तैरता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नवापारा निवासी सम्मल सिंह (55 वर्ष) गुरुवार शाम अपनी पत्नी से तालाब में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद पत्नी ने पुत्र बाल सिंह को उनकी तलाश के लिए भेजा।

तलाश के दौरान तालाब में सम्मल सिंह का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी तत्काल ग्राम सरपंच और बांगो थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी-उपरोड़ा भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button