कवर्धा में 30 लाख रुपये की लागत से बनेगा सियान सदन, वरिष्ठ नागरिकों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं; उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया सातवें प्रादेशिक सम्मेलन को संबोधित

रायपुर, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन, आशीर्वाद और जीवनभर का अर्जित ज्ञान समाज को सही दिशा देने का काम करता है। तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उनके अनुभव और संस्कार समाज को मजबूती प्रदान करते हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा रविवार को कबीरधाम जिले के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने ‘अनुभूति’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कई आयोजनों में शामिल होने का अवसर मिलता है, लेकिन यह ऐसा सम्मेलन है, जहां वे कुछ देने नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों से आशीर्वाद, प्रेरणा और मार्गदर्शन लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के लंबे अनुभव के बाद वरिष्ठजन परिवार और समाज के लिए बेहद मूल्यवान हो जाते हैं। पहले लोग एक साथ बैठकर समय बिताते थे, लेकिन आज मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण सामाजिक मेलजोल कम हुआ है। ऐसे समय में वरिष्ठजनों का अनुभव और संस्कार समाज को नई दिशा दे सकते हैं।
30 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा सियान सदन
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण कराया जा रहा है। वरिष्ठजनों की प्रेरणा और सुझाव पर इसके निर्माण की शुरुआत की गई है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर सियान सदन बनाया जा रहा है, उसका चयन भी वरिष्ठ नागरिकों के सुझाव के आधार पर किया गया है।
उन्होंने कहा कि सियान सदन वरिष्ठ नागरिकों के आपस में मिलने-जुलने, समय बिताने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का बेहतर केंद्र बनेगा। यहां वरिष्ठजन कैरम, शतरंज, अध्ययन सहित अन्य गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा भविष्य में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए बैटरी से चलने वाले छोटे वाहन की व्यवस्था करने की योजना भी है। इसके माध्यम से वरिष्ठजन फोन कर वाहन बुला सकेंगे और घर से सियान सदन तक आसानी से आ-जा सकेंगे।
बचपन की यादें जीवनभर देती हैं खुशी
उप मुख्यमंत्री ने परिवार के भावनात्मक रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां के लिए बेटा उम्र में कितना भी बड़ा हो जाए, वह हमेशा उसका छोटा बच्चा ही रहता है। उन्होंने वरिष्ठजनों से आग्रह किया कि वे अपने बचपन की प्यारी यादों को संजोकर रखें, क्योंकि यही यादें जीवन में प्रसन्नता और आत्मिक सुकून देती हैं।
उन्होंने कवर्धा में प्रादेशिक सम्मेलन के आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए आयोजकों को बधाई दी। साथ ही सियान सदन का निर्माण पूरा होने के बाद वहां भी इसी तरह का सम्मेलन आयोजित करने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित किया।
सम्मेलन में जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश देवरस, प्रांतीय महासचिव धनेश सोलंकी, डॉ. अतुल जैन, शुभंकर विश्वास, लालचंद जैन और आदित्य श्रीवास्तव सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
SEO Tags: कवर्धा न्यूज, विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ समाचार, सियान सदन कवर्धा, वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन 2026, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन, कबीरधाम न्यूज, अनुभूति पत्रिका, छत्तीसगढ़ सरकार, वरिष्ठ नागरिक सुविधा




