कबाड़ से भरे ट्रक मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित

कटघोरा थाना प्रभारी समेत चार पर गिरी निलंबन की गाज, शिकायत की जांच के बाद एसपी ने की कार्रवाई
कोरबा। जिले में अवैध कारोबार और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कबाड़ से भरे ट्रक को पकड़ने के बाद कथित तौर पर लंबे समय तक थाना परिसर में खड़ा रखने और कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक एमबी पटेल, सहायक उप निरीक्षक राम पांडेय, आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे और आरक्षक कंवर शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला कटघोरा थाना क्षेत्र में कबाड़ी कारोबार से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 दिन पहले कबाड़ से भरा एक ट्रक पकड़ा गया था। इसके अलावा हाल ही में भी कबाड़ लदे एक अन्य ट्रक को पुलिस द्वारा रोककर थाना परिसर में रखा गया था। इन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक से की गई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत को मामले की जांच के निर्देश दिए। एसडीओपी द्वारा जांच के बाद प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि कुछ कबाड़ी कथित जीएसटी बिल का हवाला देकर कबाड़ के कारोबार को वैध बताने का प्रयास करते हैं। पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप है। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को संरक्षण देने, सहयोग करने अथवा संदिग्ध आचरण करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
देखें आदेश की कॉपी:






