ओंकारेश्वर में सावन सोमवार की धूम: परंपरानुसार निकलेगी बाबा की सवारी, सुरक्षा के लिए घाटों पर कड़े इंतजाम

खंडवा। श्रावण मास में भगवान ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर की सवारियां परंपरानुसार निकाली जाएंगी। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसको लेकर ओंकार प्रसादालय में अपर कलेक्टर अरविंद चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुरक्षा, यातायात, नौका संचालन और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि भगवान की सवारी के दौरान मां नर्मदा में होने वाले विशेष पूजन-अभिषेक एवं नौका विहार के समय केवल ज्योतिर्लिंग मंदिर ट्रस्ट की अधिकृत नौकाओं को ही संचालन की अनुमति रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर अन्य सभी नौकाओं का संचालन उस अवधि में प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए सवारी में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शोभायात्रा केवल ढोल-नगाड़े, शंख, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भजन-कीर्तन के साथ निकाली जाएगी।इस वर्ष सावन के चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सवारी निकलेगी। इनमें 24 अगस्त को महासवारी का आयोजन होगा, जिसमें ऊंट-घोड़े, सुसज्जित पालकियां, विभिन्न धार्मिक झांकियां, संत मंडलों की सहभागिता और पारंपरिक प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। बैठक में छठवें सोमवार को भगवान ओंकारेश्वर को ओंकार पर्वत की परिक्रमा कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक, एसडीओपी मनोहर सिंह गवली, मांधाता थाना प्रभारी अनोख सिंह सिंदिया, नायब तहसीलदार उदय मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नगर के नागरिक मौजूद रहे।




