Chhattisgarh

ऑपरेशन आघात के तहत पूंजीपथरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम गेरवानी केसर जंगल में की गई शराब रेड कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 22 लीटर महुआ शराब जब्त की है।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गेरवानी केसर जंगल में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है।

पहली कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी साहिल यादव पिता शंकर यादव उम्र 20 वर्ष निवासी गेरवानी डीपापारा थाना पूंजीपथरा को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बों में भरी लगभग 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1000 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी द्वारा शराब बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी सुभाष बघेल पिता कमल बघेल उम्र 24 वर्ष निवासी गेरवानी थाना पूंजीपथरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बों में भरी 12 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1200 रुपये आंकी गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, राजकुमार पैंकरा, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी, हेमसागर पटेल एवं अन्य पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। खासकर युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की ओर धकेलने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button