Chhattisgarh

उद्योगपति गौतम अडानी 26 जनवरी को कोरबा दौरे पर, अडानी पावर प्लांट का करेंगे निरीक्षण

कोरबा, 24 जनवरी। देश के जाने-माने उद्योगपति और अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी 26 जनवरी को कोरबा के दौरे पर आ रहे हैं। खुफिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनका हेलीकॉप्टर 26 जनवरी को लैंको से अधिग्रहित अडानी पावर प्लांट परिसर में उतरेगा। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

बताया जा रहा है कि लैंको पावर प्लांट को खरीदने के बाद गौतम अडानी का यह दूसरा कोरबा दौरा होगा। इससे पहले भी वे प्लांट का अवलोकन करने कोरबा आ चुके हैं। इस बार उनके दौरे को लेकर उद्योग जगत और स्थानीय प्रशासन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार गौतम अडानी पटाढ़ी क्षेत्र में संचालित अडानी पावर प्लांट का निरीक्षण करेंगे और प्लांट के संचालन, उत्पादन क्षमता तथा भविष्य में संभावित विस्तार को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान पावर प्लांट के विस्तार और निवेश से जुड़ी रणनीति पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।

गौतम अडानी के इस दौरे को कोरबा जिले के औद्योगिक विकास की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। यदि पावर प्लांट के विस्तार को लेकर कोई ठोस योजना बनती है, तो इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

हालांकि अडानी समूह या जिला प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button