आदर्श नगर में सावन महोत्सव की धूम, महिलाओं ने गीत-संगीत और रैंप वॉक से बांधा समां

कोरबा। कुसमुंडा के आदर्श नगर सामुदायिक भवन में प्रेरणा महिला मंडल के तत्वावधान में सावन महोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। महोत्सव में महिलाओं ने सावन झूले का आनंद लेने के साथ गीत-संगीत, नृत्य, रैंप वॉक और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरे रंग के परिधान, हरी चूड़ियां, हाथों में सजी मेहंदी और पारंपरिक बांधनी परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में सावन की रंगत बिखेरी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों श्रीमती सोनी विकास झा, श्रीमती प्रीति झा, श्रीमती नीलम कुकरेजा, श्रीमती आशा साहू, श्रीमती हेमा शर्मा, श्रीमती सरला प्रधान, श्रीमती देवकी साहू, श्रीमती कविता एवं श्रीमती उत्सा बनर्जी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गीत-संगीत और नृत्य का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा।
महिलाओं ने फिल्मी, भोजपुरी और लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। ‘चूड़ी मजा ना देगी, कंगन मजा ना देगा, तेरे बिना ओ साजन, सावन मजा ना देगा’ और ‘छतरी ना खोल बरसात में’ जैसे गीतों पर महिलाओं ने जमकर ठुमके लगाए और सावन की मस्ती का आनंद लिया। कार्यक्रम में विभिन्न गेम, मॉडलिंग एवं अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
सावन क्वीन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीमती किरण साहू, द्वितीय श्रीमती नेहा पांडे और तृतीय स्थान श्रीमती रानी पा ने प्राप्त किया। विजेताओं को सावन सुंदरी का खिताब भी प्रदान किया गया। सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में श्रीमती सुमन देवांगन, श्रीमती लता साहू एवं श्रीमती लक्ष्मी साहू ने भाग लिया। वहीं रैंप वॉक में मिशा रंधावा ने प्रथम, ज्योति वर्मा ने द्वितीय और संगीता यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष उमा कुमारी, कोषाध्यक्ष मंजू यादव, सचिव तुलेश्वरी साहू, रुबी गुप्ता, श्वेता प्रमाणिक, मनजीत कौर एवं सुखजीत कौर के संयोजन में किया गया। सचिव तुलेश्वरी साहू ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी कला और प्रतिभा को प्रस्तुत कर सकें। कोषाध्यक्ष मंजू यादव ने कहा कि सावन महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को सांस्कृतिक मंच प्रदान करने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और भारतीय परंपरा एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है।
मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि सावन माह का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व है। यह हरियाली, उमंग और जीवन में खुशियों का संदेश देता है। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं के लिए नाश्ता एवं डिनर की व्यवस्था की गई। साथ ही सभी महिलाओं को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम में प्रेरणा महिला मंडल की सभी सदस्य उपस्थित रहीं।



