आईपीएल सट्टेबाजी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक गिरफ्तार

चांपा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त दबिश में मोबाइल व 46 हजार रुपए नकद जब्त
जांजगीर-चांपा। आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना चांपा पुलिस एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन एवं 46 हजार 270 रुपए नगद जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 07 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि चांपा क्षेत्र के मंझली तालाब के पास एक युवक आईपीएल मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में हार-जीत पर रुपए का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस एवं साइबर थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप यादव (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 26, मंझली तालाब के पास, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा बताया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने के प्रमाण मिले। इसके बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 262/26 दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, एएसआई विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, मो. शहबाज सहित थाना चांपा एवं साइबर टीम के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




