दतरेंगा समाधान शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रायपुर, 25 मई 2026। प्रदेश में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के तहत ग्राम दतरेंगा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु भी मौजूद रहे।
राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में 1 मई से 10 जून तक प्रदेशभर में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से जनप्रतिनिधि जनता से सीधे संवाद कर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं तथा शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
समाधान शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, ड्राइविंग लाइसेंस, कृषि बीज एवं आवास योजना के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित की गई। महिलाओं को पोषण आहार भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभागीय एवं स्वसहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और सुशासन तिहार प्रशासन एवं जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, एडीएम उमाशंकर बंदे, एसडीएम नंद कुमार चौबे, सीईओ आशीष केशरवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थी और ग्रामीण उपस्थित रहे।




