असम बाढ़ पीड़ितों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार देगी ₹5 करोड़ की सहायता: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। असम में लगातार बारिश और बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा कर बाढ़ की स्थिति और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने असम के लोगों के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से एकजुटता व्यक्त करते हुए राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए ₹5 करोड़ की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर इस संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि असम में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा की है। इस दौरान बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों, राहत कार्यों तथा वर्तमान स्थिति को लेकर जानकारी ली गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए ₹5 करोड़ की सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
यह सहायता राशि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और प्रभावित परिवारों की आवश्यक मदद के लिए उपयोग की जाएगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ सरकार की यह सहायता असम में चलाए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों को गति देने में सहयोगी साबित होगी।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में असम की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का उल्लेख करते हुए माँ कामाख्या से प्रार्थना की कि वे बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों की रक्षा करें। उन्होंने असम में शीघ्र सुख-शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की कामना भी की।
असम में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से आर्थिक सहायता का निर्णय दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और मानवीय संवेदना की भावना को भी रेखांकित करता है। मुख्यमंत्री साय ने संकट की इस घड़ी में असम के लोगों के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ उनके साथ खड़ा है।




