अनोखा विरोध : छात्रों के प्रदर्शन के दौरान रात को मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप

झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन जेपीएससी और राज्य कर्मचारी चयन आयोग जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों के विरोध में राज्य के विभिन्न जिलों से आए छात्र रांची के कचहरी स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी बीच शनिवार की देर रात अचानक एक युवक जयपाल सिंह स्टेडियम में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया.
युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पूरे प्रदर्शन स्थल पर हड़कंप मच गया. इसके बाद कोतवाली थाना के साथ-साथ कई थाना की पुलिस और वरिष्ठ पदाधिकारी मौके पर पहुंचे युवक से मोबाइल टावर से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ. घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक की पहचान हिरालाल के रूप में हुई है.
परीक्षाओं में गड़बड़ी की वजह से नहीं मिल रही नौकरी
युवक झारखंड के लातेहार जिला के बालूमाथ का रहने वाला है. वह राज्य के लचर सरकारी सिस्टम पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन और सरकार से उसकी बात सुनने की मांग कर रहा था. युवक का कहना था कि वो पिछले लगभग 6 से 8 वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, लेकिन परीक्षा में कथित अनियमितता और गड़बड़ियों के कारण उसे नौकरी नहीं मिल रही है, जिसका असर यह हुआ कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके चली गई और उसका परिवार बिखर गया.
5 से 6 घंटे तक ये हाई वोल्टेज ड्रामा चला. प्रशासन और वहां मौजूद लोगों की मान मनोवल और हीरालाल की पत्नी के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद, आज यानी रविवार की सुबह लगभग 7 बजे के करीब युवक को मोबाइल टावर से सुरक्षित तरीके से नीचे उतरा. फिर कोतवाली थाना की पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया. अभी उससे पूछताछ की जा रही है.
छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च
वहीं प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शनिवार की रात कैंडल मार्च निकाला. उन्होंने 14वीं जेपीएएसी परीक्षा को रद्द करके दोबारा कराने की मांग की. साथ ही परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों की जांच सीबीआई से कराने की मांग भी की. छात्रों का कहना है कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए. बता दें कि छात्र 25 जुलाई से ही प्रदर्शन कर रहे हैं.




