Chhattisgarh

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति: पात्र छात्राओं को हर साल मिलेगी 30 हजार रुपये की मदद, 31 अगस्त तक करें आवेदन

जांजगीर-चांपा, 21 अगस्त 2026। अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले की अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों को अपने-अपने संस्थानों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र छात्राओं से अधिक से अधिक आवेदन कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने महाविद्यालय स्तर पर पात्र छात्राओं को योजना की पूरी जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने छात्रवृत्ति योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने विशेष रूप से उन छात्राओं को प्राथमिकता से योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए, जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई शासकीय विद्यालय से पूरी की है और शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित इस छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को उनके पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, किताबें, परिवहन और शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क और ऑनलाइन है। प्रथम चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद द्वितीय चरण में 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे। पात्र छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

आवेदन के दौरान पिछले छह माह की पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, कक्षा 10वीं और 12वीं की मूल अंकसूची तथा महाविद्यालय में प्रवेश का प्रमाण-पत्र, जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र या ट्यूशन फीस रसीद की स्पष्ट स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। दस्तावेज निर्धारित पीडीएफ, जेपीजी या पीएनजी प्रारूप में अपलोड किए जा सकते हैं।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या आवेदन में सहायता के लिए छात्राएं स्कॉलरशिप वाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9019960536 पर संपर्क कर सकती हैं। महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button