Chhattisgarh

अकलतरा में 100 शिक्षकों का हुआ सम्मान, कलेक्टर बोले- शिक्षक होते हैं राष्ट्र निर्माता

अकलतरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन एवं भगत सिंह पब्लिक स्कूल द्वारा संचालित ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी, गैर सरकारी एवं सेवानिवृत्त सहित 100 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि शिक्षक होना गर्व की बात है। शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है और बच्चों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के भविष्य निर्माण के साथ उनमें संस्कार विकसित करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों को अपने कार्य के प्रति और अधिक प्रेरित करते हैं। उन्होंने शिक्षकों को साइबर अपराध से बचाव और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ईश्वर सिंह बैस ने की। विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग बिलासपुर संभाग आर.पी. आदित्य ने शिक्षकों को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।

वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष आविनाश सिंह ने संस्था के सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। ब्रैनी बियर प्री स्कूल एंड एक्टिविटी क्लब के संचालक श्रीपाल सिंह बैस ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन सचिव चिराग शर्मा ने किया और आभार कोषाध्यक्ष रंजना सिंह ने व्यक्त किया। समारोह में संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button