Chhattisgarh

अंतर-क्षेत्रीय शतरंज में रायपुर सेंट्रल और कोरबा वेस्ट का दबदबा, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन

रायपुर, 26 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की अंतर-क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में शतरंज और कैरम के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शतरंज प्रतियोगिता के पुरुष टीम वर्ग में रायपुर सेंट्रल ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि दुर्ग रीजन उपविजेता रहा। वहीं महिला टीम वर्ग में कोरबा वेस्ट ने पहला स्थान प्राप्त किया और रायपुर सेंट्रल उपविजेता बना।

इसके साथ ही 22 से 24 जुलाई तक जगदलपुर में आयोजित अंतर-क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता में भी विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। महिला एकल वर्ग में रायपुर सेंट्रल की कंचन महेश ठाकुर विजेता रहीं, जबकि नमिता जैन उपविजेता बनीं। महिला युगल वर्ग में भी कंचन महेश ठाकुर और नमिता जैन की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में दुर्ग की शकुंतला कारक और अनीता रोही की जोड़ी उपविजेता रही।

पुरुष एकल कैरम प्रतियोगिता में कोरबा वेस्ट के विनोद राठौर ने खिताब अपने नाम किया, जबकि जगदलपुर के कमलेश ठाकुर दूसरे स्थान पर रहे। पुरुष टीम स्पर्धा में जगदलपुर की टीम विजेता बनी और दुर्ग ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक एवं अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन किया गया है। महिला वर्ग में कंचन महेश ठाकुर, नमिता जैन, शकुंतला कारक, रीना पुरी गोस्वामी, अनीता रोही और कविता ठक्कर को चयनित किया गया है। वहीं पुरुष वर्ग में विनोद राठौर, कमलेश ठाकुर, एस.के. मोदी, पी. नागेश्वर राव, शुभम बंचोरे, कमलेश साहू, सुशांत कटाकवार और सलीम खान को टीम में जगह मिली है।

चयनित खिलाड़ी 4 से 6 अगस्त 2026 तक आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित 48वीं ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड राष्ट्रीय कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। कंपनी प्रबंधन ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

Related Articles

Back to top button